PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
बारिश के बाद प्रत्येक रविवार “ड्राई डे” मनाकर डेंगू पर करें वार : डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत
तखतगढ 27 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से आमजन से बारिश के बाद अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा प्रत्येक रविवार “ड्राई डे” मनाने की अपील की गई है।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं ज़ीका जैसी बीमारियाँ मच्छरों के काटने से फैलती हैं। इन बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों को पनपने से रोकना है। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद कूलर, पानी की टंकी, बाल्टी, गमले, परिंडे, पुराने टायर, मटके, नारियल के खोल एवं अन्य जल संग्रहण वाले पात्रों में पानी जमा नहीं होने दें। सप्ताह में कम से कम एक बार इन सभी पात्रों को पूरी तरह खाली कर साफ करें तथा पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दिन के समय भी मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, जोड़ दर्द, उल्टी या शरीर पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच एवं उपचार कराएं तथा स्वयं दवा लेने से बचें।
ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद गिरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आईईसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से आमजन को घर-घर जाकर यह संदेश दिया जा रहा है कि “हर रविवार ड्राई डे मनाएं, मच्छरों को पनपने से रोकें।



