PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
नाले के क्षतिग्रस्त ढक्कनों से राहगीर परेशान, हादसे की आशंका गेमावत हॉस्पिटल के पीछे
तखतगढ 27 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) सुमेरपुर के गेमावत हॉस्पिटल के पीछे स्थित नाले की कुछ दिन पूर्व नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई की गई थी। सफाई के बाद नाले के ऊपर लगाए गए ढक्कन क्षतिग्रस्त होने के कारण अब पूरी तरह टूट गए हैं। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को नाले के ऊपर से गुजरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण नाला और उसके आसपास का क्षेत्र अधिक जोखिमपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टूटे हुए ढक्कनों के कारण कभी भी कोई हादसा हो सकता है। खासकर रात के समय यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए यह स्थिति गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है।
इस संबंध में सुमेरपुर वार्ड निवासी दीपक गोयल माली ने बताया कि नाले की सफाई के बाद क्षतिग्रस्त हुए ढक्कनों को लेकर नगरपालिका प्रशासन द्वारा अभी तक कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द नाले के टूटे हुए ढक्कनों की मरम्मत करवाकर लोगों को राहत प्रदान की जाए, ताकि बारिश के मौसम में किसी अप्रिय हादसे की स्थिति उत्पन्न न हो।

