PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
प्रधानमंत्री के विचारों को केवल सुनें नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारें”,”मन की बात” कार्यक्रम के बाद कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का आह्वान
तखतगढ 26 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर के प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाई। मंत्री कुमावत ने जहाँ क्षेत्र को लाखों रुपये की सड़क की सौगात दी, वहीं पर्यावरण संरक्षण और प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद किया। लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुमेरपुर के स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर सुना। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने और उनके आह्वान पर अमल करने की बात कही। इस दौरान संबोधित करते हुए श्री कुमावत ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह कार्यक्रम केवल एक रेडियो प्रसारण नहीं है, बल्कि यह पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम है।
आज प्रधानमंत्री जी ने जिन विषयों पर हमारा ध्यान आकर्षित किया है, वे हमारे दैनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण से सीधे जुड़े हैं। चाहे वह जल संरक्षण हो, हमारी अनमोल विरासत का सम्मान हो, या फिर लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देना हो। मोदी जी का हर एक सुझाव देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला है। हम सभी का यह कर्तव्य है कि हम प्रधानमंत्री जी के इन विचारों को केवल सुनें नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारें। आइए, हम सब मिलकर अपने सुमेरपुर को स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लें और देश की प्रगति में अपना अमूल्य योगदान दें।
₹64 लाख की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण
दौरे की शुरुआत में कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने ग्राम पंचायत पोमावा में राज्य सड़क निधि योजना (वर्ष 2022-23) के अंतर्गत निर्मित 3 किलोमीटर लंबी सड़क का फीता काटकर लोकार्पण किया। ₹64 लाख की लागत से बनी यह सड़क पोमावा से हनुमान जी मंदिर तक कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करेगी। इस अवसर पर ग्रामीणों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सड़कों के जाल को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
‘हरियालो राजस्थान’: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान ‘हरियालो राजस्थान’ के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने राजकीय जनजातीय आवासीय विद्यालय, सुमेरपुर के परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण बचाने का संकल्प दिलाया। इसके उपरांत, वन विभाग (पाली रेंज, सुमेरपुर) द्वारा ग्राम पंचायत दुजाना के वन खंड ‘कालाभाखर’ में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी मंत्री कुमावत ने शिरकत की। इस दौरान श्री कुमावत ने कहा कि हमारी प्रकृति और हमारी माता, दोनों ही जीवन का आधार हैं। आज मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान ‘हरियालो राजस्थान’ के तहत चलाया जा रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इन दोनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सबसे पवित्र जरिया है।
जिस प्रकार माँ हमारा पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति हमें जीवनदायिनी हवा, जल और आश्रय देती है। लगातार बढ़ते तापमान और पर्यावरण असंतुलन से निपटने का एकमात्र रास्ता केवल और केवल वृक्षारोपण है। मेरा आप सभी से विनम्र आग्रह है कि इस मानसून सत्र में अपनी माता जी के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि एक संतान की तरह उसकी सुरक्षा और देखरेख का संकल्प भी लें। आइए, अपनी धरती माँ को फिर से हरी-भरी चुनर ओढ़ाएं और आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण उपहार में दें।”
इस दौरान एसडीएम कालूराम कुम्हार, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, सुमेरपुर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अनोप सिंह, फूलाराम सुथार, नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, बांकली मण्डल अध्यक्ष हनुवत सिंह राजपुरोहित, संभाग अध्यक्ष सुमेर सिंह राणावत, सांडेराव मण्डल के महामंत्री मुकेश मोदी, दुजाना के प्रशासक नागेश देवासी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता शंकर सिंह राजपुरोहित काकू, पन्नालाल, सांडेराव के वरिष्ठ आरएसएस कार्यकर्ता भूराराम कुमावत, बांकली मण्डल के सोशल मीडिया संयोजक इंद्र सिंह जाखोड़ा, मंत्री हुंगर सिंह, सहायक वन रक्षक ऋषिराज, पोमावा के प्रशासक गोविंद सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष गौरव राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।



