PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र की कोजरा नदी में शनिवार को एक अज्ञात आदिवासी युवती अचेत अवस्था में मिली।
गंभीर हालत में उसे पहले पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल लाया गया और फिर सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस युवती की पहचान करने के प्रयास कर रही है।पुलिस को आशंका है कि मामला कीटनाशक सेवन से जुड़ा हो सकता है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि उसने जहर स्वयं पिया या किसी ने पिलाया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, शनिवार को किसी व्यक्ति ने पिंडवाड़ा थाने में सूचना दी कि कोजरा नदी में एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है और उसकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है। सूचना मिलते ही कांस्टेबल राकेश कुमार मौके पर पहुंचे।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
युवती की गंभीर हालत को देखते हुए कांस्टेबल राकेश कुमार ने तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस के पायलट जगदीश कुमार और मेल नर्स जय सिंह ने प्राथमिक इलाज देते हुए उसे पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सिरोही के सरकारी अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में जारी है इलाज
सिरोही ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने युवती का इलाज शुरू कर दिया है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पहचान और कारण दोनों बने रहस्यकांस्टेबल राकेश कुमार ने बताया कि युवती के पास से कोई परिचय पत्र या पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। ऐसे में उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही उसकी पहचान, घटनाक्रम और यह तथ्य सामने आ सकेगा कि उसने कीटनाशक स्वयं पिया था या किसी ने उसे पिलाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

