PALI SIROHI ONLINE
जसवंतपुरा-जसवंतपुरा उपखंड क्षेत्र के बिकनावास गांव में गुरुवार की रात नीलगाय को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने से 51 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा बिकनावास-गजापुरा मार्ग पर खेतलाजी मंदिर के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार बिकनावास निवासी हिंदूराम (51) पुत्र जीवाराम मेघवाल गुरुवार रात करीब 7:30 बजे निजी कार्य से बाइक पर जसवंतपुरा आ रहे थे। इसी दौरान अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। हादसे में हिंदूराम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
सूचना पर आसपास के ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतपुरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद बिकनावास गांव में शोक की लहर है।


