PALI SIROHI ONLINE
सेंट पॉल स्कूल भीनमाल में स्टूडेंट काउंसिल चुनाव सम्पन्न, 81 वोट हासिल कर आरूषि अग्रवाल बनीं हेड गर्ल
भीनमाल। शहर के सेंट पॉल स्कूल में छात्र नेतृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टूडेंट काउंसिल चुनाव का आयोजन उत्साह एवं लोकतांत्रिक माहौल में किया गया। विद्यालय परिसर में हेड गर्ल पद के लिए मतदान कराया गया, जिसमें छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

हेड गर्ल पद के लिए आरूषि अग्रवाल और विनीता चुनाव मैदान में थीं। मतदान के बाद हुई मतगणना में आरूषि अग्रवाल पुत्री भेरूलाल अग्रवाल को 81 वोट प्राप्त हुए, जिसके साथ वे विद्यालय की नई हेड गर्ल निर्वाचित घोषित की गईं।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। सहपाठियों एवं शिक्षकों ने आरूषि अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि वे अपने नेतृत्व से विद्यालय का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों की आवाज़ को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिपिन फादर,रिजु फादर,भवानी सिंह, नंदू पणिकर, भूपेश बोहरा, ब्रिजल मिस्ट्री, अजर खान, नदीम अंसारी तथा मेवा राम देवासी सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने निर्वाचित हेड गर्ल को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि स्टूडेंट काउंसिल चुनाव का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना है। ऐसे चुनाव छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व एवं टीमवर्क की व्यवहारिक सीख भी प्रदान करते हैं।


