PAL SIROHI ONLINE
फालना-फालना के खुडाला स्थित एक छाता गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई, जिसमें रखा लाखों रुपए का तैयार माल जलकर राख हो गया। इस आगजनी से करीब 30 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
एक्सीडेंट खुडाला में रामदेव मंदिर के पास स्थित गोदाम में हुआ, जहां तैयार माल रखा हुआ था। सुबह करीब 5 बजे आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं निकलते देखा और तुरंत फैक्ट्री संचालक को सूचना दी।फैक्ट्री संचालक शंकर मेघवाल ने बताया- गोदाम में रखा लगभग 90 प्रतिशत माल जलकर नष्ट हो गया। यह सारा माल तैयार होकर पैकिंग के बाद आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई होने वाला था। अचानक लगी आग के कारण करीब 30 लाख रुपये का तैयार माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सुरक्षा किट न होने पर लोगों ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने पर फैक्ट्री संचालक मौके पर पहुंचे और खुडाला-फालना नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन कर्मचारियों के पास सुरक्षा किट न होने के कारण उन्हें गोदाम के अंदर जाने में परेशानी हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड का पाइप लेकर खुद गोदाम में घुसकर आग बुझाने में मदद की।
घरों से पानी लाकर बुझाई आग
आग पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने एक श्रृंखला बनाकर गोदाम में जल चुके सामान को बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड का पानी खत्म होने पर लोगों ने आसपास के घरों से पानी लाकर आग बुझाने में सहयोग किया।


