PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा/पिन्टू अग्रवाल
पुजारी के घर 30 लाख की चोरी का खुलासा, तीन शातिर नकबजन गिरफ्तार
पाली, 15 जुलाई। पाली शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने पुजारी के घर हुई करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं 2 लाख रुपये नकद चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान कस्बा सुमेरपुर में गुटखा व्यापारी के घर हुई 15 किलो चांदी के सिक्के बर्तन,10 ग्राम सोने के सिक्के व 325000 बड़ी नकबजनी का भी पर्दाफाश किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज तथा वृताधिकारी पाली शहर मंगलेश चुण्डावत के सुपरविजन एवं थानाधिकारी रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को परिवादी हनुमानदास वैष्णव पुत्र रघुनाथदासजी वैष्णव, निवासी 409, शिव नगर, मंडिया रोड, पाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह श्री चावड़ी मंदिर, सूरज पोल, पाली में पिछले छह वर्षों से पुजारी का कार्य करते हैं। 1 जून 2026 की रात मंदिर में रुकने के कारण घर बंद था। अगले दिन सुबह पड़ोसी की सूचना पर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 2 लाख रुपये नकद चोरी हो चुके थे। इस पर कोतवाली थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों की सहायता से जांच की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम उर्फ भालाराम पुत्र धर्मराम निवासी चांदवास चुरू, अशोक कीर पुत्र छोटेलाल कीर निवासी किरो का मोहल्ला, बिगोद, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा तथा राजू रेगर पुत्र तिरलोक निवासी नावा सिटी, थाना नावा, जिला डीडवाना कुचामन के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक मलाराम, सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र बागोरा, सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार, कांस्टेबल प्रेमसुख, कांस्टेबल भंवरसिंह, कांस्टेबल अमृत तथा कांस्टेबल वीरेंद्र की विशेष भूमिका रही।

