PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में अब पुराने यात्री और माल ढोने वाले वाहनों में भी ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) अभियान चलाएगा। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा पुराने वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगवाना है, ताकि उनकी लोकेशन पर नजर रखी जा सके।
5 कंपनियों से लगवा सकेंगे ट्रैकिंग सिस्टम
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने गुरुवार को इस संबंध मेंआदेश जारी किया है। इसके तहत सार्वजनिक सेवा में चलने वाले सभी यात्री वाहनों और नेशनल परमिट वाले मालवाहक वाहनों में VLTD लगाने के लिए 5 कंपनियों को अधिकृत किया गया है। वाहन मालिक इन कंपनियों से अपने वाहनों में ट्रैकिंग सिस्टम लगवा सकेंगे।
नए वाहनों में पहले से लगा है सिस्टम
RTO ओपी बैरवा ने बताया कि नए वाहनों में यह ट्रैकिंग सिस्टम पहले से लगा होता है। अब जिन पुराने वाहनों में यह सिस्टम नहीं है, उनमें भी अभियान चलाकर इसे लगाया जाएगा।
ट्रैकिंग सिस्टम से होंगे ये फायदे
सरकार ने सड़क हादसे कम करने और वाहनों की बेहतर निगरानी के लिए यह व्यवस्था शुरू की है। अब ट्रैकिंग सिस्टम लगे वाहनों का ही फिटनेस सर्टिफिकेट जारी होगा। बिना फिटनेस के वाहन सड़क पर नहीं चल सकेंगे। ट्रैकिंग सिस्टम लगने के बाद कंट्रोल रूम को वाहन की हर समय लोकेशन मिलती रहेगी। इससे वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और जरूरत पड़ने पर वाहन को जल्दी तलाशने में भी मदद मिलेगी।

