PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर में दुपहिया वाहन चोरी का पर्दाफाश, विधि से संघर्षरत किशोर निरुद्ध
पाली, 15 जुलाई। पाली जिले की सुमेरपुर थाना पुलिस ने सुमेरपुर क्षेत्र में हुई दुपहिया वाहन (बाइक) चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए विधि से संघर्षरत एक किशोर को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चेतनसिंह मेहला एवं पुलिस उप अधीक्षक सुमेरपुर जितेन्द्र सिंह के सुपरविजन तथा उप निरीक्षक वगताराम, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल आसुराम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को परिवादी सुरेश कुमार पुत्र लखमाराम, निवासी कोलीवाड़ा, सुमेरपुर, जिला पाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि 27 जून 2026 को उसने अपनी मोटरसाइकिल नंबर RJ 22 DS 7929 को गेमावत अस्पताल, खेड़ा देवी मंदिर के पास स्थित गोदाम के बाहर हैंडल लॉक कर खड़ा किया था। शाम करीब 6 बजे वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। अज्ञात चोर मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
वारदात के खुलासे के लिए गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मुखबिर तंत्र, आसूचना संकलन एवं तकनीकी सहयोग से जांच की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने विधि से संघर्षरत किशोर को चिन्हित कर निरुद्ध किया तथा उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान किशोर ने आहोर क्षेत्र से भी एक मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात कबूल की है, जिसके संबंध में पुलिस अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
पाली पुलिस ने आमजन से वाहन चोरी की घटनाओं से बचाव के लिए वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने, जीपीएस ट्रैकर एवं अतिरिक्त लॉक का उपयोग करने, वाहन में अलार्म या एंटी-थेफ्ट डिवाइस लगाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की है।

