PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
सोमेसर, पाली। सोमेसर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 17 जुलाई शुक्रवार को दोपहर 2 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से करेंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 12.41 करोड़ रुपए की लागत से इस स्टेशन का रिनोवेशन किया गया है। अब यह हाई-स्पीड वाई-फाई, डिजिटल डिस्प्ले, पैसेंजर लिफ्ट और एसी वेटिंग रूम जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। इस उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के एक 100 से अधिक गांवों के ग्रामीणों की लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की सालों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जग गई है।
कैबिनेट मंत्री और सांसद रहेंगे मौजूद
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिरदेव के अनुसार, अजमेर मंडल के सोमेसर स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, क्षेत्रीय विधायक केसाराम चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहेंगे। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
12.41 करोड़ की लागत से मिलीं ये सुविधाएं स्टेशन पर यात्रियों के लिए वेटिंग रूम और वीआईपी रूम में एयर कंडीशनर, वेटिंग हॉल में एचवीएलएस पंखा, एलईडी लाइटिंग, हाई मास्ट टावर, द्विभाषी साइनेज, डिजिटल डिस्प्ले, वीडियो वॉल, आधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियां और हाई-स्पीड वाई-फाई जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
टिकट काउंटर से लेकर लिफ्ट तक की सुविधा
दोनों प्रवेश द्वारों पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। दोनों प्लेटफॉर्म पर ओवरब्रिज पर दो पैसेंजर लिफ्ट लगाई गई हैं, साथ ही महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगों के लिए आधुनिक शौचालय सहित तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इन बड़ी ट्रेनों के ठहराव की मांग
क्षेत्र की प्रमुख मांगों में जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस (16507/08), सूर्यनगरी एक्सप्रेस (12479/80), अजमेर-मैसूर एक्सप्रेस, जोधपुर-वलसाड एक्सप्रेस, बीकानेर-काचीगुड़ा एक्सप्रेस और दौलतपुर चौक एक्सप्रेस (19411/12) सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का सोमेसर स्टेशन पर ठहराव शामिल है। इसके अलावा अहमदाबाद-जयपुर पैसेंजर ट्रेन के फिर से शुरू होने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। अगर इन मांगों पर सहमति बनती है तो सोमेसर के साथ-साथ आसपास के सैकड़ों गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

