PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-ट्रैक्टर और पिकअप की टक्कर में 9 साल के मासूम की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के बाद रेफर कर दिया। घटना जालोर जिले के भीनमाल में भीनमाल-जीवाणा मेगा हाईवे पर पादरा गांव के पेट्रोल पंप के पास की है।
गुजरात के रहने वाले हैं सभी लोग
एएसआई डुंगाराम चौधरी ने बताया- गुजरात के आए श्रद्धालु सुंधामाता के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इस दौरान एकट्रैक्टर ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। सभी लोग गुजरात के सोमनाथ जिले के गिरनार थाना क्षेत्र के सूरतपाड़ा के रहने वाले थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को भीनमाल के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तेज प्रकाश (9) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल और गुजरात रेफर किया गया। ड्राइवर की हालत गंभीर होने पर उसे मेहसाणा रेफर किया गया, जबकि नरेश भाई कोली को अहमदाबाद भेजा गया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एएसआई डुंगाराम चौधरी ने बताया कि हादसे में तेज प्रकाश (9) की मौत हो गई। वहीं नरेश भाई कोली (29), प्रेमजी भाई (42), सोनल (35), वनीता (40), ध्रुवीश (14), लक्ष्मी (27), फोरम (25), गीता (28), जयकिशन (8), प्रकाश भाई, श्याम, महेश भाई, सतीश भाई और संगीता घायल हो गए। अधिकांश घायलों का उपचार भीनमाल के राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


