PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
आंगनवाड़ी कर्मचारियों का विशाल प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर गरजे कर्मचारी; शिवसेना (यूबीटी) ने दिया समर्थन
तखतगढ 13 जुलाई (खीमाराम मेवाडा) महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं सहयोगिनियों ने सोमवार को अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय जालोर पर विशाल धरना-प्रदर्शन एवं रैली निकाली। आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष श्रीमती जसोदा मीणा ने किया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कर्मचारी शामिल हुए।
धरने को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी समर्थन दिया। जिला प्रमुख रूपराज़ पुरोहित के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी धरना स्थल पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जसोदा मीणा ने कहा कि आंगनवाड़ी कर्मचारी वर्षों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिम्मेदारी से क्रियान्वयन कर रहे हैं, लेकिन आज भी उन्हें सम्मानजनक मानदेय, नियमितीकरण और कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है।
वहीं, रूपराज़ पुरोहित ने सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार न्यूनतम मजदूरी की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आंगनवाड़ी कर्मचारियों से पूरे दिन कार्य लेकर उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है।
उन्होंने कर्मचारियों की सभी 11 मांगों का समर्थन करते हुए नियमितीकरण, ₹20 हजार मासिक मानदेय, पेंशन, ग्रेच्युटी, सेवा सुरक्षा, चिकित्सा बीमा और समय पर भुगतान जैसी मांगों को शीघ्र लागू करने की मांग की। धरने के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



