PALI SIROHI ONLINE
आऊवा, पाली (मारवाड़)-सिरियारी थाना क्षेत्र के गुड़ा केशरसिंह गांव में एक युवक तलवार लेकर अपने ससुराल पहुंचा। उसने अपनी पत्नी, सास और ससुर को जान से मारने की धमकी दी, साथ ही उनके साथ गाली-गलौज भी की। पत्नी ने तलवार देखकर दरवाजा बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने युवक को शांतिभंग तहत गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गुड़ा केशरसिंह गांव निवासी 33 वर्षीय संतोष पुत्री जीवाराम देवासी की शादी डायलाना गांव निवासीभावाराम पुत्र विशनाराम देवासी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते संतोष अपने पीहर आकर रहने लगी। 8 जुलाई 2026 को पारिवारिक स्तर पर दोनों के बीच समझौता भी हुआ था।
संतोष के अनुसार, भावाराम उसके पीहर में भी आकर गाली-गलौज करता है। उसने बताया कि पूर्व में भी भावाराम लाठी लेकर हमला करने आया था और इस बार वह तलवार लेकर आया था। संतोष ने यह भी बताया कि उसने कई बार पुलिस में शिकायत की है।
संतोष के पिता जीवाराम ने बताया कि भावाराम नशे में उनकी बेटी संतोष से मारपीट करता था, जिसके बाद वे उसे पीहर ले आए। संतोष करीब एक साल से अपने पीहर में रह रही है।
जीवाराम के अनुसार, पारिवारिक स्तर पर समझौता होने के बावजूद भावाराम आए दिन उनके घर के बाहर आकर जान से मारने की धमकी देता है। रविवार दोपहर को वह तलवार लेकर घर के बाहर आ गया और धमकी देनी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले पर सिरियारी थानाधिकारी हुकुमगिरी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि युवक को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया है। थानाधिकारी ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर अभीतक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है

