PALI SIROHI ONLINE
माउंट आबू-सिरोही जिला टेबल टेनिस संघ के 4 वर्षीय चुनाव शनिवार को अचलगढ़ रोड स्थित फार आउट फील्ड रिजॉर्ट में संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी अर्जुन सिंह राठौड़ की देखरेख में सभी पदों पर एक-एक नामांकन मिलने के कारण पूरी कार्यकारिणी को सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नई कार्यकारिणी में प्रद्युम्न सिंह भाटी को अध्यक्ष, प्रद्युम्न सिंह उमट (शिवा) को सचिव और निरंजन शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।चुनाव प्रक्रिया के दौरान टीटीएफआई-2 के ऑब्जर्वर ऋषि पुरोहित और जिला खेल अधिकारी के प्रतिनिधि ईश्वर सिंह राव मौजूद रहे। चुनाव संपन्न होने के बाद सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उनका माल्यार्पण कर स्वागत भी किया गया।
खेल को बढ़ावा देने पर जोर
इससे पहले पूर्व सचिव महेंद्र सिंह उमट ने पिछले 4 साल की गतिविधियों और उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। पूर्व कोषाध्यक्ष नरेंद्र सिंह भाटी ने संघ के आय-व्यय का विवरण दिया।
नवनिर्वाचित सचिव प्रद्युम्न सिंह उमट ने खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने जिले में खेल को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह भाटी ने बताया कि जल्द ही कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में जिले में टेबल टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

