PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-आबूरोड में पुरानी रंजिश को लेकर परिवार में घुसकर हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले घरों की बिजली आपूर्ति के तार काट दिए। इसके बाद तीन मकानों में घुसकर परिवार के लोगों के साथ जमकर मारपीट की और सामान लूट ले गए।
घटना सदर थाना क्षेत्र के उपलागढ़ राडा गांव में शुक्रवार रात की है। आरोपियों ने महिला की हत्या के मामले में शक के चलते ये हमला किया। आरोपी मकानों से नकदी, जेवरात और सामान भी लट ले गाए।और सामान भी लूट ले गए।
बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चियां चोटिल
पीड़ितों के अनुसार, हमले में शोमी गरासिया गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक बुजुर्ग महिला, दो अन्य महिलाएं और कई बालिकाएं भी चोटिल हुईं। जान बचाने के लिए भागने के दौरान कुछ बालिकाओं के पैरों में कांटे भी चुभ गए।पीड़ित सुना गरासिया के परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर घरों में रखी नकदी, जेवरात और अन्य सामान के साथ लगभग 20 से 25 बकरियां और मुर्गियां भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को निजी वाहनों से उप जिला अस्पताल आबूरोड पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले हुई एक महिला की हत्या के मामले में शक और आपसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। उनका यह भी आरोप है कि संभावित हमले की आशंका को लेकर उन्होंने पहले भी सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए।
पड़ोस के लोगों पर लगाए आरोप
घटना में सुनाराम पुत्र उमाजी गरासिया निवासी राड़ा उपलागढ़ के घर पर हमला हुआ। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले सकुरा पिता वाला, रमेश, पोपट, बाबू चैतन्य ने एक राय होकर पहले लाइट काटी और फिर घरों पर हमला कर दिया।
इस दौरान घर का सारा सामान तोड़ दिया गया और घर से नकदी, बकरियां व मुर्गियां ले जाई गईं। घायलों में शोमी खुमाजी और हंजा पत्नी चुना को गंभीर चोटें आई हैं। नाथू पुत्र लिवा, सागर पुत्र वना और चुना के घरों में भी तोड़फोड़ की गई।
पीड़ित परिवार ने ये भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और सदर थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस देरी से मौके पर पहुंची। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है तथा परिवार ने सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सदर थाना अधिकारी प्रदीप डागा ने बताया- पुराने हत्याके मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच आपसी रंजिश चल रही है। इसी को लेकर मारपीट की घटना हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

