PALI SIROHI ONLINE
जालोर। जालोर शहर के सामतीपुरा रोड पर दिनदहाड़े बाइक सवार युवक से पिस्टल के दम पर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। बिना नंबर की थार में आए दो नकाबपोश बदमाशों ने युवक को रोककर करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपियों ने हवाई फायर कर दहशत फैलाई और मौके से फरार हो गए। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जालोर से आईपुरा जा रहे थे दोनों युवक
नोसरा थाना क्षेत्र के आईपुरा निवासी दलपत सिंह ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 7 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने साले राजू सिंह के साथ बाइक से जालोर से आईपुरा जा रहे थे। इसी दौरान सामतीपुरा रोड पर पीछे से एक बिना नंबर की थार उनके पास आकर रुकी।
बाइक रोककर गिरेबान पकड़ा, चेन छीनने लगे
दलपत सिंह के अनुसार बाइक साइड में लेते ही थार से दो नकाबपोश बदमाश नीचे उतरे और उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने उनका गिरेबान पकड़ लिया और गले में पहनी करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनने लगा।
विरोध करने पर किया हवाई फायर
पीड़ित ने जब विरोध किया तो दूसरे आरोपी ने पिस्टल निकालकर हवाई फायर कर दिया। फायरिंग से मौके पर दहशत फैल गई। इसके बाद दोनों आरोपी जबरन सोने की चेन लूटकर थार में बैठकर सामतीपुरा की ओर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बिना नंबर और काले शीशों वाली गाड़ियों पर उठे सवाल
जालोर जिले में बिना नंबर की गाड़ियों का उपयोग मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों के परिवहन, बजरी तस्करी और लूट जैसी वारदातों में सामने आता रहा है। ऐसे मामलों में वारदात के बाद वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सूरजपोल से कलेक्ट्रेट, आहोर चौराहा, कॉलेज चौराहा और ताशखाना बावड़ी होते हुए वापस सूरजपोल तक के मार्ग पर रोजाना 50 से अधिक बिना नंबर की गाड़ियां और करीब 100 काले शीशों वाली गाड़ियां चल रही हैं।


