PALI SIROHI ONLINE
बीजापुर बालिका विद्यालय का ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बाली। बाली उपखंड के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बीजापुर का सोमवार को बाली ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र परिहार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों के नामांकन, शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर, कक्षा-कक्षों एवं विद्यालय परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विद्यालय के प्राचार्य भंवर सिंह राजपुरोहित ने ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजापुर के प्राचार्य जयसिंह राठौड़, वार्ड पंच भगाराम मेघवाल, अध्यापक कमलेश सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। विद्यालय पहुंचने पर ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र परिहार का माला एवं साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

