PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यातायात को देखते हुए रेलवे ने वेरावल और हरिद्वार के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष रेलसेवा 7 जुलाई से शुरू होगी और कुल चार ट्रिप संचालित करेगी। इससे गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क और अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमितसुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09203 वेरावल-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 7 जुलाई से 28 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को वेरावल से शाम 4:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। यह सेवा कुल चार ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी।
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 09204 हरिद्वार-वेरावल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 8 जुलाई से 29 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को रात 9:30 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और शुक्रवार सुबह 9:45 बजे वेरावल पहुंचेगी। यह ट्रेन भी कुल चार फेरे लगाएगी।22 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, इस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 2 थर्ड एसी, 16 द्वितीय शयनयान (स्लीपर), 2 साधारण श्रेणी के कोच और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।


