PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर-सदर थाना क्षेत्र के सलोदरिया में रविवार सुबह खेत की तारबंदी के पास 30 वर्षीय युवक का शव मिला। शव से 500 मीटर दूर उसकी बाइक बरामद हुई। युक्क के शरीर पर केवल बनियान और चड्डा था। उसकी मौत कैसे हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू से जांच में लगी हुई है।
पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने खेत की तारबंदी के पास शव पड़ा देखा और सदर थाना पुलिस को सूचना दी। वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह, सदर थानाधिकारी भगाराम मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे औरघटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान सलोदरिया निवासी जितेंद्रसिंह (30) पुत्र मोहनसिंह राजपूत के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की बाइक शव मिलने के स्थान से 500 मीटर दूर मिली। गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया किप्रारंभिक तौर पर घटना शनिवार रात की प्रतीत होती है। मृतक के शरीर पर कोई गहरी चोट के निशान नहीं हैं। मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है, दुर्घटना का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल शव को सुमेरपुर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।


