PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर के पुराना बस स्टैंड के पास शनिवार रात एक ग्रेनाइट स्लरी से भरे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। एक युवक का पैर ट्रक के टायर के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया। दोनों घायलों को जालोर के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें एक को अहमदाबाद रेफर किया गया, जबकि दूसरे का इलाज जालोर के निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सामने से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8:30 बजे हरिदेव जोशी सर्कल की तरफ से जीतू पुत्र तगाराम माली और जीतू पुत्र भीमाराम माली बाइक पर दुकान जा रहे थे। इसी दौरान पुराना बस स्टैंड के पास आपेश्वर डेयरी के सामने, हॉस्पिटल चौराहा की तरफ से आ रहे ग्रेनाइट स्लरी से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
एक युवक का पैर टायर के नीचे आया
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में जीतू पुत्र तगाराम माली का एक पैर ट्रक के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसका पैर बुरी तरह फट गया और उसके टुकड़े हो गए।एक घायल अहमदाबाद रेफर, दूसरे का निजी हॉस्पिटल में इलाज
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को जालोर के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जीतू पुत्र तगाराम माली की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद उसे गुजरात के अहमदाबाद रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं जीतू पुत्र भीमाराम माली का जालोर के एक निजी हॉस्पिटल में इलाज जारी है।
पुलिस ने ट्रक और ड्राइवर को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही जालोर कोतवाली थाने के एएसआई रामुराम, पोपटलाल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग राजकीय हॉस्पिटल पहुंच गए। घायलों के परिजन और परिचित भी वहां मौजूद रहे।।

