PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड शहर में रविवार सुबह एक बछड़े की बिजली के पोल से करंट लगने से मौत हो गई। घटना नगर पालिका से मुंबई चौराहा जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे लगे एक लोहे के बिजली के पोल के पास हुई।
स्थानीय लोगों ने करंट से बछड़े की मौत की सूचना बिजली विभाग को दी, जिसके बाद बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। लोगों का कहना है कि यदि बछड़े को करंट नहीं लगता तो पोल में करंट होने का पता भी नहीं चलता, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना को लेकर लोगों में रोष है। लोगों ने बिजली विभाग से पोल और बिजली लाइनों की नियमित जांच कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। बिजली विभाग के सहायक अभियंता जगदीश चारण ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई है। मौके पर टीम भेजकर फॉल्ट की जांच कराई जा रही है।

