PALI SIROHI ONLINE
झनकभान सिंह राठौड़
राशन डीलर पर 44 क्विंटल गेहूं के गबन का आरोप, बाली थाने में मामला दर्ज
बाली/पाली। पाली जिले के बाली पुलिस थाने में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन कोटे में अनियमितता का मामला सामने आया है। रसद विभाग की प्रवर्तन निरीक्षक ने गोरिया के राशन डीलर के विरुद्ध 44 क्विंटल गेहूं के कथित गबन का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, सरिता देवी पत्नी राजेश यादव, प्रवर्तन निरीक्षक, रसद विभाग बाली, निवासी गोविंदगढ़ (जयपुर) एवं वर्तमान में बाली, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रफी मोहम्मद, निवासी गोरिया, पुलिस थाना बाली, ने राशन डीलर के पद पर रहते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन कोटे से 44 क्विंटल गेहूं का कथित रूप से गबन किया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट के आधार पर बाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


