PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-शिवगंज शहर के मुख्य बाजार में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के आधे घंटे बाद बिजली का कनेक्शन काटा गया, लेकिन करीब एक घंटे तक डिस्कॉम का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
मृतक की पहचान बलवाड़ा, जालोर निवासी सिकंदर खां हाल पोसालिया के रूप में हुई है। वह शिवगंज के मुख्य बाजार स्थित जोधपुर कचोरी की दुकान पर मजदूरी करता था। शनिवार सुबह सिकंदर बरसात के पानी से बचने के लिए दुकान के ऊपर पर्दा बांध रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आधे घंटे बाद युवक के शव को नीचे उतारा जा सका। हादसे के बाद काफी देर तक बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
सूचना मिलने पर शिवगंज पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस 108 की मदद से युवक के शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया और परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


