PALI SIROHI ONLINE
सोजत-सोजत के पास बगड़ी नगर और बगड़ी सज्जनपुर रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार देर रात एक हादसा हो गया। आगरा फोर्ट ट्रेन की चपेट में आने से बगड़ी निवासी युवक निर्मल (21) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी और बगड़ी नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
बाहर जाने की बात बोलकर निकला था
बगड़ीनगर थाना प्रभारी प्रहलादसिंह शेखावत ने बताया-मृतक की पहचान नथमल के पुत्र निर्मल (21) के रूप में हुई है। निर्मल सोमवार रात को घर से बाहर जाने की बात कहकर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह बगड़ी नगर रेलवे स्टेशन के पास पटरियों के निकट एक युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाने के मुख्य आरक्षी तेजाराम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर बगड़ी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शादी में टेंट लगाने का करता था काम
निर्मल अविवाहित था और शादी-विवाह में टेंट लगाने का काम करता था। सूत्रों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।


