PALI SIROHI ONLINE
कोठार ग्राम पंचायत में ग्राम सभा आयोजित, विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा
बाली। बाली उपखंड की कोठार ग्राम पंचायत में विकास अधिकारी भोपाल सिंह जोधा के निर्देशन में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता सरपंच प्रशासक भीखी देवी प्रजापत ने की। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी दिग्वेंद्र सिंह राठौड़, सहायक ग्राम विकास अधिकारी दिनेश कुमार राव सहित विभिन्न वार्ड पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व सरपंच थाना राम प्रजापत द्वारा अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत कर की गई। इसके पश्चात ग्राम विकास अधिकारी दिग्वेंद्र सिंह राठौड़ ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव ग्राम सभा में प्रस्तुत किए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
ग्राम विकास अधिकारी ने पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी तथा पंचायत क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं आगामी विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। ग्राम सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव एवं समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
ग्राम सभा के दौरान विभिन्न वार्ड पंचों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा, नई योजनाओं पर विचार-विमर्श तथा ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

