PALI SIROHI ONLINE
बाली उपखंड के बेड़ा ग्राम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह राव के निर्देशन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान डॉ. गणेश सिरवी ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों को अभियान के महत्व की जानकारी दी।
चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सुमेर सिंह राव ने बताया कि “हर बूंद में छिपी है सुरक्षित बचपन की ताकत।” उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है और स्वस्थ भविष्य की नींव आज की सही पहल से ही रखी जा सकती है।
अभियान के दौरान मिथुन कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न चिकित्सा कार्मिक उपस्थित रहे और बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने में सक्रिय सहयोग दिया।


