PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मंगलवार को भाजपा की ओर से जूनीवाली में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर डॉ. मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं हरियाणा भाजपा संगठन प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने की।
पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सम्मेलन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। इसके बाद वंदे मातरम् गान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके राजनीतिक योगदान और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
डॉ. मुखर्जी के योगदान को किया याद
मुख्य अतिथि डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रखर राष्ट्रवादी नेता, शिक्षाविद और अखंड भारत के समर्थक थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के विरोध में संघर्ष किया और राष्ट्रीय एकता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का सपना देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना था। उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
भाजपा की विकास यात्रा पर भी हुई चर्चा
मुख्य वक्ता जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, जिसने आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी का स्वरूप लिया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में कार्य कर रही है।
गर्ग ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सम्मान राशि गौशाला को की भेंटकार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह बालावत के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. सतीश पूनिया का सम्मान किया। सम्मान स्वरूप मिली राशि का लिफाफा डॉ. पूनिया ने स्थानीय गौशाला को भेंट कर दिया। उनके इस कदम की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
सम्मेलन में लोकसभा सांसद लुम्बाराम चौधरी, विधायक जीवाराम चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह बालावत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दानाराम चौधरी, वीरेंद्र सिंह चौहान, पूर्व उप राज्यमंत्री भूपेंद्र देवासी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण दवे, महेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


