PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव
रानी में चाय विक्रेता से मारपीट, गंभीर रूप से घायल, व्यापार मंडल ने जताया रोष, मारपीट का विडियो आया सामने !
रानी, 23 जून। कस्बे के चुनी नाका क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे एक चाय विक्रेता के साथ कुछ अज्ञात नशेड़ी युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चाय विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनी नाका स्थित काठियावाड़ी चाय की दुकान संचालक चंद्रपाल एवं जयपाल देवासी, मूल निवासी डोला, के साथ अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक विवाद करते हुए मारपीट कर दी। हमले में चाय विक्रेता को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। व्यापार मंडल के सदस्यों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।
व्यापारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं तथा असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। उन्होंने रानी थाना पुलिस से जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर जांच करने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


