PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के वीरवाड़ा गांव के पास सड़क किनारे पेड़ों के झुरमुटों के बीच एक बुजुर्ग विमंदित व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस 108 मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, वीरवाड़ा एंबुलेंस 108 को सूचना मिली थी कि वीरवाड़ा सर्कल के पास पेड़ों के बीच एक अधेड़ व्यक्ति बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट सुरेंद्र सिंह देवड़ा और मेल नर्स रोहित पाटीदार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने वृद्ध व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से वीरवाड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने वृद्ध की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
सिरोही ट्रॉमा सेंटर पहुंचने पर एंबुलेंस को मरीज उतारने के लिए करीब 25 मिनट तक स्ट्रेचर का इंतजार करना पड़ा। स्ट्रेचर उपलब्ध न होने पर मेल नर्स रोहित पाटीदार खुद स्ट्रेचर लेकर आए और मरीज को वार्ड तक पहुंचाया।
वृद्ध का इलाज सिरोही ट्रॉमा सेंटर में जारी है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस प्रशासन उसके परिजनों की तलाश कर रहे हैं।

