PALI SIROHI ONLINE
नगराज वैष्णव/खीमाराम मेवाडा
पाली-पाली जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका सिर फट गया। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा रविवार देर रात खोड़-जवाली रोड पर हुआ।
रानी थाना एसएचओ आनंद कुमार ने बताया- पाली पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल महेंद्र मीणा (28) पुत्र पेमाराम मीणा निवासी आकडवास (रानी) बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
महेंद्र बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे काफी खून बह गया और उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बूसी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, महेंद्र के पिता पेमाराम मीणा भी पुलिस विभाग में रहे हैं। महेंद्र की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


