PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड, सिरोही-सिरोही-आबूरोड मार्ग पर ओर गांव की पुलिया के पास देर रात अज्ञात लोगों ने पत्थर मारकर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित प्रदीप कुमार यादव ने अपनी रिपोर्ट में बताया- 19 जून की रात वह उदयपुर से आबूरोड की ओर आ रहे थे। रात करीब 11:45 बजे ओर गांव की पुलिया पार करने के बाद कुछ लोगों ने अचानक उनकी गाड़ी सहित सड़क से गुजर रहेवाहनों पर पत्थरों से हमला कर दिया। उनकी कार का पीछे का शीशा और पीछे की सीट के पास का साइड ग्लास टूट गया।
अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे आ रही एक अन्य कार उनकी गाड़ी से टकरा गई, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा। प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि इस घटना में कई अन्य वाहनों के कांच भी टूट गए।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
प्रदीप कुमार यादव ने अपनी रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया है कि इसी स्थान पर पहले भी दो कारों पर पत्थरबाजी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ समय पूर्व इसी क्षेत्र में बाइक से जा रहे दो लोगों पर भी पत्थर फेंके गए थे, जिसमें एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।
लगातार एक ही स्थान पर ऐसी घटनाओं से राहगीरों में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है।


