PALI SIROHI ONLINE
बागरा-जालौर के बागरा स्थित स्टेशन रोड पर नवनिर्मित जलंधर नाथ महादेव मंदिर की प्रतिष्ठा बुधवार को संपन्न हुई। यह महोत्सव पिछले पांच दिनों से चल रहा था, जिसका समापन बुधवार को मंदिर में मूर्ति स्थापना के साथ हुआ।
कार्यक्रम महंत गंगा नाथ के सानिध्य में आयोजित किया गया। सुबह शुभ मुहूर्त में आचार्य प्रवीण कुमार और अन्य पंडितों की देखरेख में जलंधर नाथ और शांति नाथ की मूर्तियों की स्थापना की गई।नंदी स्थापना, ध्वजा, दंड, मोबन, तोरण और शिखर कलश समेत कई धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए। इस दौरान लाभार्थियों के हाथों से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम पंडितों की देखरेख में संपन्न करवाए गए।
ध्वजारोहण और मूर्ति स्थापना के बाद लाभार्थी परिवार द्वारा हेलीकॉप्टर से मंदिर पर पुष्प वर्षा की गई। महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को पूर्णाहुति महाआरती का आयोजन किया गया। साथ ही फले चुंदड़ी का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
प्रतिष्ठा महोत्सव में चढ़ावों के लाभार्थियों का तिलक, श्रीफल, माला और साफा पहनाकर सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में बागरा सहित दर्जनों गांवों से हजारों लोगों ने शिरकत की।


