PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-ब्यावर-पिंडवाड़ा फोरलेन पर सिरोही सदर थाना क्षेत्र में एक टनल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिरोही ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार नया सानवाड़ा निवासी भरत (33) पुत्र शंकर अपनी बाइक से नया सानवाड़ा से सारणेश्वरजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। टनल से कुछ पहले ही पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि भरत बाइक सहित दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। उसी रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों ने घटना की सूचना सिरोही सदर पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने एंबुलेंस 108 को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस 108 के पायलट खुशीराम और मेल नर्स राजेश परमार ने भरत को प्राथमिक उपचार दिया और उसे इलाज के लिए सिरोही सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उसका इलाज शुरू कर दिया है। सिर में गंभीर चोट के कारण भरत अभी भी बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने घायल के परिजनों को भी सूचना दे दी है और फरार वाहन की तलाश कर रही है।


