PALI SIROHI ONLINE
चामुंडेरी अंडरब्रिज में जलभराव रोकथाम कार्य अंतिम चरण में, इसी सप्ताह पूरा होने की उम्मीद
बाली उपखंड के नाना रेलवे स्टेशन के समीप स्थित चामुंडेरी अंडरब्रिज में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए चल रहा रोकथाम कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। संबंधित विभाग द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा इसी सप्ताह कार्य पूर्ण होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस संबंध में चामुंडेरी सरपंच प्रशासक जसवंत राज मेवाड़ा सहित विभिन्न वार्ड पंचों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान प्रारंभिक तौर पर अंडरब्रिज क्षेत्र में पानी की आवक पहले की तुलना में कम होती दिखाई दी, जिससे जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो बरसात के मौसम में ग्रामीणों और राहगीरों को जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
सरपंच प्रशासक जसवंत राज मेवाड़ा ने बताया कि लंबे समय से अंडरब्रिज में पानी भरने के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। वर्तमान में किए जा रहे कार्य से समस्या के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
निरीक्षण के दौरान एलएनटी विभाग के कई कार्मिक भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने कार्य की तकनीकी जानकारी साझा की। ग्रामीणों ने भी कार्य शीघ्र पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।


