
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टू अग्रवाल चामुंडेरी बाली
अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन हो गया है। सांसद परिमल नाथवानी ने X पर यह जानकारी दी।

विमान में 242 पैसेंजर सवार थे। इनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था। हादसे की जगह से अब तक 100 शव मिलने की खबर है।
प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स रहते हैं। जानकारी के मुताबिक 15 डॉक्टर घायल हो गए हैं।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई।
जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
हादसे के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों की कुशलता एवं सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
वही इस हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक्स हैंडल पर लिखा कि अहमदाबाद में विमान हादसे का समाचार प्राप्त हुआ। यह खबर बेहद दुखद एवं दिल दहलाने वाली है। मैं ईश्वर से सभी यात्रियों एवं स्टाफ की सलामती की प्रार्थना करता हूं।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बागड़े ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लिखा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान का टेकऑफ के दौरान दीवार से टकराकर क्रैश होने का समाचार अत्यंत चिंताजनक और दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि विमान में सवार सभी 242 यात्रियों एवं एयरलाइंस स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित और सकुशल हों। ईश्वर सभी की रक्षा करें।
वहीं कांग्रेस नेता और AICC महासचिव सचिन पायलट ने लिखा कि मैं अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार चालक दल और यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
प्रदेश कोग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने लिखा अहमदाबाद में यात्री प्लेन क्रैश में कई लोगों के हताहत एवं प्रभावित होने की ख़बर अत्यंत दुःखद है। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदना है।
ईश्वर से अन्य यात्रियों के सकुशल होने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लिखा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की यात्री फ्लाइट दुखद हादसे का शिकार हो गई। यह घटना हृदय को झकझोर करने वाली है। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवार जनों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।
बीजेपी के पाली सांसद पीपी चौधरीं ने लिखा अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर अत्यंत चिंता करने वाली है, जिसमें जानकारी के अनुसार लंदन जाने वाले 242 यात्री शामिल थे।
सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
पाली जिले के बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने लिखा कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की खबर ने मन को गहरे शोक से भर दिया है।
शोकसंतप्त परिजनों के साथ मेरी संवेदना है।
प्रभु से प्रार्थना है कि वह दिवंगतों को श्रीचरणों में स्थान दें और सभी घायलों को शीघ्र आरोग्यता प्रदान करें।


