PALI SIROHI ONLINE
वेलार में हनुमान मंदिर प्रांगण में पारंपरिक गैर नृत्य का आयोजन
बाली उपखण्ड के वेलार ग्राम स्थित प्रख्यात हनुमान जी मंदिर में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक गैर नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे और पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ गैर नृत्य में भाग लिया। मंदिर प्रांगण में ढोल-नगाड़ों की धुन पर ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में गैर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
वेलार विकास संघ के अध्यक्ष कान सिंह वेलार, युवा समाजसेवी अंकित सिंह चौहान तथा वन्यजीव प्रेमी संग्राम सिंह वेलार ने बताया कि ग्रामीणों की हनुमान जी के प्रति गहरी आस्था और विश्वास है। इसी आस्था के चलते प्रत्येक वर्ष ग्रामीण एकत्रित होकर हनुमान जी की आराधना करते हुए मंदिर प्रांगण में गैर नृत्य करते हैं और गांव में सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते हैं।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन वर्षों से गांव की परंपरा का हिस्सा बना हुआ है, जिसमें युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने हनुमान जी के जयकारों के साथ भक्ति भाव से नृत्य किया। आयोजन को लेकर गांव में विशेष उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों ने हनुमान जी के दर्शन व भजन कर गांव की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान गांव के कई गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

