PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार युवक करीब 20 फीट उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बाइक चकनाचूर हो गई।
घटना सवीना थाना क्षेत्र के नेला रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल करवाया। हालांकि, पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को डिटेन कर लिया है।
बलीचा की ओर से आ रहा था तेज रफ्तार ट्रक
थानाधिकारी अजय राज सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक बलीचा की ओर से आ रहा था। स्पीड तेज होने के कारण ट्रक बेकाबू होकर आगे चल रहे बाइक सवार दो लोगों को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसके बाद बाइक सवार अर्जुन (26) पिता शंकरलाल मेघवाल निवासी मेघवाल मोहल्ला सराड़ा जिला सलूंबर की मौत हो गई।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर ड्राइवर को किया डिटेन
जबकि, उसका साथी दीपेश (30) पिता रतन कटारा निवासी सीमलवाड़ा डूंगरपुर बुरी तरह घायल हो गया। जिसकी हालात गंभीर बनी हुई है। ट्रक ड्राइवर को डिटेन कर करते हुए उसका ट्रक जब्त कर लिया है। मृतक के शव को एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। जहां परिजनों के आने पर शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। साथ ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन पहले भी कार दुर्घटना में 4 युवकों की हुई थी मौत तीन दिन पहले भी इसी नेला रोड पर एक कार हादसे में चार युवकों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों से नेला रोड पर दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग इस सड़क पर प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

