PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में टूरिस्ट के साथ लूट की नीयत से मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। उदयपुर रेलवे सिटी स्टेशन मेन रोड पर नटराज होटल के बाहर सोमवार को रात कुछ बदमाशों ने टूरिस्ट पर लूट की नीयत से पत्थर से हमला किया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है।
डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि आरोपी गणेश (24) पिता नारायण मोगिया निवासी रेलवे स्टेशन, उदयपुर और लक्ष्मण सिंह (23) उर्फ लखन पिता प्रभु सिंह निवासी रेलवे स्टेशन, उदयपुर को डिटेन किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोबाइल लूट की नीयत से उन्होंने टूरिस्ट के साथ मारपीट की थी। हालांकि, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद 4 बदमाशों को किया था नामजद
डीएसपी राठौड़ ने बताया कि मामला जानकारी में आने के बाद गंभीरता से लिया गया। सूरजपोल थाने से अलग-अलग टीमों का गठन कर घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश शुरू की गई। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें 4 बदमाशों को नामजद किया गया। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।
जानिए, पूरा घटनाक्रम
घटना सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे की है। जब उदयपुर रेलवे सिटी स्टेशन मेन रोड पर नटराज होटल के बाहर टूरिस्ट लोकेन्द्र सिंह निवासी सीकर पर कुछ बदमाशों ने लूट की नीयत से हमला कर दिया था। हमलावरों ने किसी से बात करने के लिए उसका मोबाइल मांगा था।
हमले में पीड़ित के दो दांत टूटे, होट फटा
इस दौरान मोबाइल देने से मना करने पर बदमाशों ने पीड़ित के मुंह पर पत्थर मारा, जिससे उसका होट फट गया और दो दांत टूट गए थे। चेहरा खून से सन गया। घायल को राहगीरों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
वहीं, पर्यटन नगरी उदयपुर में रेलवे स्टेशन के बाहर टूरिस्ट के साथ हुई इस तरह की वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इसके बाद डीएसपी सूर्यवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
