मंत्री जोराराम कुमावत के प्रयासों से वैष्णो देवी, अमृतसर स्वर्ण मंदिर,वाघा बॉर्डर जाएंगे 235 यात्री, 22 मार्च को रामेश्वरम-मदुरई ट्रेन
PALI SIROHI ONLINE
पिन्टू अग्रवाल/खीमाराम मेवाडा
उदयपुर-देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत शनिवार को उदयपुर के राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से वैष्णो देवी-अमृतसर-वाघा बॉर्डर के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। उदयपुर संभाग के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, सलूंबर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों से चयनित 235 वरिष्ठ नागरिक इस ट्रेन में सवार हुए।
यह ट्रेन आगे अजमेर रेलवे स्टेशन से अजमेर संभाग के 180 यात्रियों और खातीपुरा रेलवे स्टेशन से विभिन्न संभागों के 555 यात्रियों को लेकर कुल 970 यात्रियों के साथ यात्रा कर रही है। ट्रेन में एक राजपत्रित अधिकारी को ट्रेन प्रभारी, मेडिकल टीम, अनुरक्षक और अन्य स्टाफ सहित कुल करीब 1000 लोग यात्रा में शामिल हैं। इस ट्रेन के प्रभारी के रूप में ऋषिकेष गामोठ को नियुक्त किया गया है।
18 मार्च को जाएंगे गोल्डन टेंपल और वाघा बॉर्डर
यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन 15 मार्च को माता वैष्णोदेवी रेलवे स्टेशन कटरा पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं को माता वैष्णो देवी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद 18 मार्च को यात्रियों को पंजाब के गोल्डन टेंपल और भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित वाघा बॉर्डर भी घुमाया जाएगा। यह ट्रेन 19 मार्च को वापस उदयपुर लौटेगी।
अगली ट्रेन 22 मार्च को रामेश्वरम-मदुरई जाएगी
सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान चाय, नाश्ता, भोजन, ठहरने और दर्शन सहित सभी सुविधाएं राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अगली ट्रेन 22 मार्च को डूंगरपुर से उदयपुर होकर रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना होगी। यात्रियों को इसकी सूचना दे दी गई है और तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
ट्रेन को रवाना करने के दौरान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश भट्ट, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रगुप्त सिंह चौहान, भाजपा आपदा राहत विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. जिनेन्द्र शास्त्री तथा देवस्थान विभाग उदयपुर के सहायक आयुक्त जतिन कुमार गांधी मौजूद रहे।
