PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-सलूंबर जिले में तीन बच्चों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इनमें दो लड़कियां सगी बहनें है और एक लड़का पडोस में रहता था। तीनों बच्चे नहाने के लिए बोलकर गए थे। काफी देर तक नहीं मिले तो परिजनों ने उन्हें ढूंढा। इस दौरान तीनों के शव कुएं में तैरते हुए मिले।
घटना सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुई। सूचना पर झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों के शव को सलूंबर सरकारी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया है।
तीनों बच्चों के शव देखे तो परिजन हुए हैरान
सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घटेढ के धोला काकर गांव में घटना हुई। घटेढ़ पटवारी दीपेश पाटीदार ने बताया- तीनों बच्चे घर से नहाने की बोलकर निकले थे। काफी देर तक जब घर पर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन ढूंढने पहुंचे तो तीनों बच्चों की शव कुएं में तैरते हुए दिखे। इसे देखकर सब हैरान रह गए।
इनमें दो लड़की और एक लड़का शामिल थे। दोनों लड़की खुशबू (10) और माया मीणा (14) पुत्री चोखा मीणा सगी बहनें थी। वहीं लोकेश (13) पुत्र रूपलाल पडोस में रहता था।पैर फिसलने से हादसा, एक-दूजे को बचाने में गई जान:
उपसरपंच
उपसरपंच दामोदर लाल ने बताया कि तीनों बच्चे अक्सर कुएं में नहाने जाते थे। रविवार शाम करीब 4 बजे तीनों बच्चे नहाने के गए थे। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण कुएं में पानी लबालब भरा हुआ था। संभवतः पैर फिसलने से बच्चों की मौत हुई है। एक को बचाने के चक्कर में बाकी दोनों बच्चों की भी मौत हो गई।
काफी देर बाद जब बच्चे घर नहीं आए तो परिजन उन्हें तलाशने के लिए निकले। कुएं में तैरते शव देखकर परिजन के होश उड़ गए। झल्लारा क्षेत्र में यह बहुत ही हैरान करने वाली घटना है।
बारिश से लबालब था कुआं
बारिश के कारण कुएं में ऊपरी सतह तक पानी भरा हुआ था। जानकारी के अनुसार मृतक माया कक्षा 7वीं और खुशबू कक्षा 5वीं में राजकीय उच्च प्राथमिक राजकीय विद्यालय टूटा महुड़ा में पढ़ते थे। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
घटना का पता लगते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार तीनों बच्चों के शवों को सलूंबर मोर्चरी में रखवाया है। जहां सोमवार को उनका पोस्टमार्टम होगा। इसके बाद परिजनों को शव दिए जाएंगे।

