PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में इंद्रप्रस्थ हेरिटेज होटल में चल रहे अवैध देह व्यापार मामले में पुलिस ने 39 युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 31 युवक और 8 युवतियां हैं। साथ ही संयोजक राजेश शर्मा, ऋषभ राजपूत और होटल संचालक मूलाराम को गिरफ्तार किया है। होटल में देर रात तक अवैध रूप से तेज आवाज में साउंड बजाते हुए शराब पार्टी, मुजरा और वेश्यावृत्ति की जा रही थी।
उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र के विस्मा गांव स्थित इंद्रप्रस्थ हेरिटेज होटल में पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई की थी। मामले का खुलासा करते हुए एसपी योगेश गोयल ने बताया-यहां रेव पार्टी होनी थी। इसके लिए दिल्ली से लड़कियां बुलाई गई थी।
आरोपियों को कोर्ट में किया पेश, जेल भेजा
एसपी योगेश गोयल ने बताया- होटल में रेव पार्टी का आयोजन किया जाना था। यहां शराब परोसना, मुजरा और अनैतिक काम के लिए दिल्ली से लड़कियां बुलाई गई थी। सभी आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से इन्हें जेल भेज दिया है। गोयल ने कहा- ऐसे लोग पर्यटन नगरी उदयपुर को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। पुलिस इस तरह की अवैध गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ नजर रखे हुए है।
होटल किराए पर लेकर चल रहा था अवैध धंधा पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, मोबाइल फोन और शराब जब्त की है। जांच में सामने आया है कि होटल संचालक मूलाराम होटल को किराए पर लेकर अवैध गतिविधियां संचालित करवा रहा था। मामले में पीटा एक्ट, आबकारी और ध्वनि प्रदूषण एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस ने बताया- मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल इंद्रप्रस्थ में अवैध देह व्यापार चलाया जा रहा है। सायरा थाना पुलिस गोगुंदा पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंची और दबिश देकर कार्रवाई की। मौके पर कई युवक-युवतियां कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिले। पुलिस को देखकर वे इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।
