PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर-बालेसर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबा रामदेव के दर्शन कर गुजरात लौट रहे श्रद्धालुओं की बस और सामने से आ रहे ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत की सूचना है। वहीं 20 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसा मंगलवार शाम साढ़े चार बजे अरना-झरना इलाके के पास हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल भेजा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात पासिंग बस सुनारों की प्याऊ के आगे मुलानाडा रॉयल्टी नाके के पास पहुंची थी। तभी सामने से आ रहे एक ट्रेलर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
रामदेवरा से लौट रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी यात्री गुजरात के रहने वाले हैं। वे रामदेवरा में बाबा रामदेव के दर्शन करने गए थे। वहां से घर लौट रहे थे। इसी दौरान जोधपुर के पास यह हादसा हो गया।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना पर राजीव गांधी नगर थानाधिकारी रवींद्र सिंह राजपुरोहित अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल भेजा जा रहा है।
