PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाली पिकअप ने एक डेढ़ वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाला ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
उदयपुर के फलासिया थाने के आमलिया क्षेत्र के भवरिया फला में मंगलवार दोपहर 3 बजे यह हादसा हुआ। बच्चा विवेक घर के बाहर खेल रहा था।
तभी गैस सप्लाई करने पहुंची पिकअप के बेकाबू होने से वह स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई। फिर जल्दबाजी में रिवर्स लेने के चक्कर में बच्चे पर चढ़ा दी।
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और पिकअप को गैस सिलेंडर सहित कब्जे में लिया। मृतक बच्चे के शव को झाड़ोल हॉस्पिटल मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी है। मृतक बच्चा चार बहनों में सबसे छोटा और इकलौता भाई था। पिता हीरालाल खेती करते हैं।
पुलिस ने कहा- पहले बाउंड्री से टकराई पिकअप, फिर रिवर्स लेते समय बच्चे पर चढ़ा दी
फलासिया थानाधिकारी सीताराम ने बताया- आमलिया के भंवरिया फला में डेढ़ वर्षीय बालक विवेक पुत्र हीरालाल पारगी अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी गैस सप्लाई करने पहुंची पिकअप बेकाबू होकर पहले स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई। फिर जल्दबाजी में रिवर्स लेने के चक्कर में बच्चे पर चढ़ा दी। बच्चे ने वहीं तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
अचानक हुए हादसे को देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो ड्राइवर पिकअप वहीं छोड़ भाग गया। परिजन बच्चे को लेकर फलासिया अस्पताल पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को गैस सिलेंडर सहित कब्जे में लिया।
ग्रामीणों ने किया विरोध, एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग घटना के बाद ग्रामीण विरोध पर उतर आए और एकत्रित होकर थाने पहुंचे। जहां थानाधिकारी से गैस एजेंसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और ड्राइवर को जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही मृतक परिवार को मुआवजा दिलाने की भी मांग की।
