
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक विधवा महिला का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक चट्टान पर मिला। महिला के गले में लगे फंदे में एक लकड़ी भी बंधी हुई थी। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। घटना चित्रावास गांव स्थित सरिया फला की है।
सायरा थानाधिकरी किशोर सिंह शेखावत जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान सविता गरासिया (35) के रूप में हुई है। इधर, पुलिस भी कॉल डिटेल्स खंगाल कर और आस-पास संदिग्धों से पूछताछ करते हुए जांच में जुटी है।
नरेगा में मजदूरी करके तीनों बच्चे पाल रही थी महिला चित्रावास गांव के सरपंच किरण गरासिया ने बताया- मामला हत्या का लग रहा है। मृतक महिला के पति जोगाराम का 5 साल पहले निधन हो चुका है। वे बीमार थे। महिला नरेगा में मजदूरी करते हुए अपने 3 बच्चों को पाल रही थी। इनमें सबसे छोटा 6 साल का लड़का और 10 व 15 साल की दो लड़कियां हैं। मां की मौत के बाद अब बच्चे अकेले हो गए हैं उन्हें पालने वाला कोई नहीं है।
सुबह बच्चे उठे तो मां पास नहीं थी
तीनों बच्चे अपनी मां के पास रोज की तरह रात को सोए थे। जब वे सुबह उठे तो उनके पास मां नहीं थी। बच्चों ने आस-पड़ोस में सूचना दी। जिसके बाद इधर-उधर मां की तलाश की गई तो घर से करीब 100 मीटर दूरी पर एक चट्टान पर महिला का शव पड़ा हुआ मिला।
हाथ-पैर में चोट के निशान थे और गले में कपड़े का फंदा लगा था और उस फंदे के बीच एक लकड़ी लिपटी हुई थी। ऐसे में आशंका है कि किसी ने गला घोंटकर लकड़ी के सहारे घसीटते हुए महिला की निर्मम तरीके से हत्या कर दी।