PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर जिले के सायरा बत्तीसी की रस्म अदा कर सेमड़ लौट रहे बस सवार लोगों से लूटपाट व मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने टेंपो को आगे लगाकर बस को रोक दिया और बस में चढ़कर सवारियों लूटपाट और मारपीट की।
गोगुंदा के मजावद गांव के वरदीचंद लोहार बत्तीसी की रस्म के लिए परिवार व समाजजनों को बस से सेमड़ ले गए थे। रस्म अदा करने के बाद वे बस से सेमड़ से मजावद की ओर जा रहे थे। वरदीचंद ने बताया कि सोमवार की शाम को मजावद से लौटते समय तरपाल बस स्टैंड पार करने के बाद पुलिया के पास आगे चल रहा टेंपो बस के आगे रुक गया।
टेंपो को छोड़कर बदमाश फरार
पांच बदमाश बस में चढ़ गए और महिलाओं व पुरुषों तथा चालक के साथ लोहे के सरियों से मारपीट की। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने चाकू दिखाकर लूटपाट करने का भी प्रयास किया, लेकिन उनके चिल्लाने से आसपास के लोग बस के पास आ गए, जिन्हें देखकर बदमाश टेंपो को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि बस में 25 महिलाएं व 12 पुरुष सवार थे। बदमाशों के हमले से वरदीचंद सहित कुछ लोगों को चोटें आई। सूचना के बाद सायरा पुलिस मौके पर पहुंची। सायरा थानाधिकारी किशोर सिंह ने बताया कि लूटपाट होने या लूटपाट करने के प्रयास करने का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। पुलिस को कोई रिपोर्ट परिवार की तरफ से नहीं दी गई।
वरदीचंद ने बताया कि मेरे बेटे के ससुराल में हम बत्तीसी की रस्म को लेकर गए थे। खाना खाकर लौट रहे थे और बस के आगे टेपों लगा दिया और चालक के साथ उसके बाद हमारे साथ भी मारपीट की। उनके पास सरिया और चाकू थे। बाद में हमने शोर मचाया तो राह जाते लोग रुके तो वे भाग गए।
