
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के सायरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक विधवा महिला की गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी किशोर सिंह ने बताया कि आरोपी परदाराम (35) पिता जामता राम गरासिया निवासी रावछ सायरा को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने महिला की हत्या क्यों और किस कारण से की। इस बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। बता दें, महिला का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक चट्टान पर मिला था। महिला के गले में लगे फंदे में एक लकड़ी भी बंधी हुई थी। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का लग रहा था। घटना चित्रावास गांव स्थित सरिया फला की है।
पुलिस के अनुसार- मृतक महिला की पहचान सविता गरासिया (35) के रूप में हुई। इधर, पुलिस कॉल डिटेल्स और आस-पास संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंची।
नरेगा में मजदूरी करके तीनों बच्चे पाल रही थी महिला
चित्रावास गांव के सरपंच किरण गरासिया ने बताया- मामला हत्या का लग रहा है। मृतक महिला के पति जोगाराम का 5 साल पहले निधन हो चुका है। वे बीमार थे। महिला नरेगा में मजदूरी करते हुए अपने 3 बच्चों को पाल रही थी। इनमें सबसे छोटा 6 साल का लड़का और 10 व 15 साल की दो लड़कियां हैं। मां की मौत के बाद अब बच्चे अकेले हो गए हैं उन्हें पालने वाला कोई नहीं है।
सुबह बच्चे उठे तो मां पास नहीं थी
तीनों बच्चे अपनी मां के पास रोज की तरह रात को सोए थे। जब वे सुबह उठे तो उनके पास मां नहीं थी। बच्चों ने आस-पड़ोस में सूचना दी। जिसके बाद इधर-उधर मां की तलाश की गई तो घर से करीब 100 मीटर दूरी पर एक चट्टान पर महिला का शव पड़ा हुआ मिला।
हाथ-पैर में चोट के निशान थे और गले में कपड़े का फंदा लगा था और उस फंदे के बीच एक लकड़ी लिपटी हुई थी। ऐसे में आशंका है कि किसी ने गला घोंटकर लकड़ी के सहारे घसीटते हुए महिला की निर्मम तरीके से हत्या कर दी।


