PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर शहर में बीच चौराहे पर एक महिला ने अपने आप को आग लगा ली। महिला को लपटों से घिरा देख लोग भी हैरान हो गए और अफरा-तफरी मच गई।
घटना शहर के सूरजपोल चौराहे पर शनिवार (25 जनवरी) रात करीब 9:30 बजे की है। महिला को गंभीर हालत में महाराणा भूपाल सिंह हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
पेट्रोल डालकर लगाई थी आग
सूरजपोल थाना अधिकारी रतन सिंह ने बताया कि महिला सूरजपोल क्षेत्र में रहती है। उसकी पहचान भावना यादव के तौर पर हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने पेट्रोल डालकर आग लगाई थी।
आग की लपटों से घिरी महिला बीच सड़क पर करीब 3 मिनट इधर-उधर भागती रही। इस हादसे में महिला 50 प्रतिशत तक झुलस गई और हालत गंभीर है।
पारिवारिक झगड़े की वजह से सुसाइड की कोशिश
पुलिस के अनुसार आशंका है कि पारिवारिक विवाद की वजह से महिला ने सुसाइड की कोशिश की है। हालांकि अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आए है।
एक प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार तंबोली ने बताया कि आग लगाने से पहले महिला का किसी व्यक्ति से झगड़ा हो रहा था। दोनों आपस में कौन थे ये नहीं पता।
महिला ने पास की दुकान से माचिस भी मांगी थी। कुछ देर बार युवती आग की लपटों में घिरी दिखी और इधर उधर भागती दिखाई दी। बाजार में भी कुछ मिनटों के लिए अफरा-तफरी मच गई।

