PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में वल्लभनगर उपखंड के ढावा पंचायत के बाठेड़ा की सराय गांव के एक सूने घर में तोड़फोड़ के बाद आग लगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित महेंद्र पिता बंशीलाल कालबेलिया ने इस संबंध में डबोक थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसमें बताया की उसकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण पूरा परिवार उन्हें लेकर मावली गया हुआ था। घर सूना देखकर रात करीब 12 बजे कुछ लोग टेंपो लेकर आए।
साथ में लाठी और तलवार सहित अन्य हथियार थे। हमलावरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारियों में रखे सोना-चांदी के जेवरात और नगदी चुरा ली। साथ ही घर के अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में घरेलू सामान के साथ अन्य कीमती सामान भी जलकर राख हो गया।
घर में रखा फर्नीचर, बिस्तर, बिजली की फिटिंग और अनाज सहित सारा घरेलू सामान जल गया। जिससे पीड़ित को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पडोसियों ने घर को जलते हुए देखा तो पीड़ित को फोन कर सूचना दी। जिसके बाद परिवार तुरंत घर पहुंचा और आग बुझाई। घटना के बाद पीड़ित महेंद्र ने डबोक थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस द्वारा टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

