कैदियों को बेरहमी से पीटने वाले जेलर-प्रहरी सस्पेंड, पुलिस ने तीनों बंदियों का मेडिकल एक्सरे कराया, सेंट्रल जेल अधीक्षक से जांच रिपोर्ट मांगी
PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के झाड़ोल उपकारागृह (जेल) में बंदियों के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले जेलर और जेल प्रहरी को सस्पेंड कर दिया गया है। उदयपुर रेंज डीआईजी राजेंद्र कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए। सस्पेंड अवधि के दौरान जेलर करणसिंह गरासिया को केंद्रीय कारागृह बीकानेर और जेल प्रहरी दिनेश कुमार बिश्नोई को बांसवाड़ा कारागृह में उपस्थिति देने को कहा है। साथ ही सेंट्रल जेल अधीक्षक से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
एडीजे के निरीक्षण में कैदियों ने बताए थे मारपीट के घाव
एडीजे कुलदीप शर्मा ने 10 मार्च 2026 को झाड़ोल उपकारागृह का निरीक्षण किया था। इसमें कैदियों ने खुलकर अपनी पीड़ा जाहिर की थी। उन्होंने एडीजे को बताया कि उन्हें यहां कार्यरत जेलर और जेल प्रहरियों द्वारा पट्टे से बेरहमी से पीटा जाता है। कैदियों ने एडीजे को उनके शरीर पर लगे घाव भी बताए थे।
मामले को एडीजे ने गंभीरता से लेते हुए झाड़ोल थानाधिकारी को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। साथ ही तीनों कैदियों का मेडिकल करवाया गया था। इसके अलावा एडीजे ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को करते हुए नियमानुसार कार्रवाई को लिखा था।
कैदियों को ‘सपने साजन के’ लिखे पट्टे से पीटते थे जेलर और प्रहरी
जेल में जेलर और प्रहरी ‘सपने साजन के’ लिखे पट्टे से कैदियों को बेरहमी से पीटते थे। निरीक्षण के दौरान यही पट्टा एडीजे को वहां रखा मिला था। जेल में यह पट्टा कैदियों के लिए डर और दर्द का प्रतीक बन गया था। कैदियों का कहना था कि जेल के अंदर की यह हकीकत लंबे समय से दबाई जा रही थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान उन्हें आपबीती बताने का मौका मिल गया।
